भदोही । पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत भदोही पुलिस ने गुम हुए 117 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपकर सराहनीय कार्य किया है। बरामद मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 19 लाख 89 हजार रुपये बताई गई है। रिजर्व पुलिस लाइन ज्ञानपुर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वापस सौंपे। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए भदोही पुलिस का आभार जताया।
CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल, जनसुनवाई और डायल-112 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों ने तकनीकी सहायता से मोबाइलों का पता लगाया। सबसे अधिक 26 मोबाइल ज्ञानपुर थाना क्षेत्र से, जबकि औराई और सुरियावां से 21-21 मोबाइल बरामद किए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ने लोगों को CEIR पोर्टल की उपयोगिता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल गुम होने पर उसे तत्काल ब्लॉक कराया जा सकता है, जिससे उसके दुरुपयोग को रोका जा सके। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक रहने और दूसरों को भी सतर्क करने की अपील की गई। यह उपलब्धि भदोही पुलिस की तकनीकी दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक मानी जा रही है।







