वाराणसी । में बिहार के भोजपुर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता भरत तिवारी की मौत को लेकर केसरिया भारत संगठन ने जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के प्रमुख संयोजक कृष्णानंद पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बाढ़ प्रभावित दलित एवं पिछड़े वर्ग के लोगों के पुनर्वास की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे भरत तिवारी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष गौरिश सिंह और धरोहर संरक्षण सेवा संगठन के राकेश त्रिपाठी ने कहा कि मामले में अब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज न होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं शिवम उपाध्याय ने कहा कि शासन और प्रशासन को जनता के प्रति अपनी जवाबदेही निभानी चाहिए तथा लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित करना चाहिए।
प्रदर्शन में आनंद मिश्र, जितेंद्र सिंह, डॉ. चंद्रदेव पटेल, उपेंद्र सिंह, राजन मिश्र, अविनाश आनंद, अनिल मिश्र, देवेश तिवारी, ऋषभ सिंह, अश्वनी पाण्डेय और संदीप मिश्र सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









