वाराणसी । जनपद में डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, चिकनगुनिया, कालाजार, टीबी और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए 1 से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम, पंचायतीराज एवं ग्राम्य विकास विभाग को साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, जलजमाव की निकासी, नालियों व तालाबों की सफाई तथा झाड़ियों की कटाई-छंटाई सुनिश्चित करने को कहा। हाई रिस्क गांवों और शहरी क्षेत्रों की विशेष निगरानी के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मेंटल हॉस्पिटल, पुलिस लाइन, सारंग तालाब, सोना तालाब और कंदवा तालाब सहित मच्छर प्रजनन वाले स्थलों की विशेष सफाई कराने पर जोर दिया गया। पहाड़िया मंडी समेत सभी प्रमुख सब्जी मंडियों में नियमित सफाई के निर्देश भी दिए गए।
सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, मलेरिया और अन्य संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी तथा लक्षणयुक्त मरीजों की पहचान करेंगी। स्वास्थ्य विभाग इस अभियान का नोडल विभाग रहेगा, जबकि नगर विकास, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, कृषि एवं अन्य विभाग सहयोगी भूमिका निभाएंगे। अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता और रोकथाम संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।









