मिर्जापुर । जनपद के अहरौरा बांध में रविवार को डूबे वाराणसी निवासी 26 वर्षीय राहुल साहनी का शव करीब 12 घंटे बाद सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। राहुल लहरतारा, वाराणसी निवासी विजय कुमार साहनी के पुत्र थे और तीन दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने अहरौरा बांध आए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने देर शाम तक उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

सोमवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने बांध के पानी में शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची अहरौरा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मिर्जापुर भेज दिया गया।
परिजनों के अनुसार, राहुल रविवार सुबह करीब 10:30 बजे दोस्तों के साथ घर से निकले थे। रात करीब 8:30 बजे पुलिस ने परिवार को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। राहुल दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई का नाम रोहित साहनी है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में बांधों और गहरे जलाशयों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
रिपोर्टिंग मिर्जापुर अनुप कुमार।








