ऑपरेशन ‘Cy-Vazra’ के तहत सिगरा पुलिस और साइबर क्राइम सेल की बड़ी कार्रवाई
वाराणसी। जनपद के साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान ऑपरेशन ‘Cy-Vazra’ के तहत थाना सिगरा पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम ने लोगों को धन का लालच देकर उनके आधार कार्ड में कूटरचना कर बैंक खाते खुलवाने और उन्हें साइबर अपराधियों को बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की महिला सरगना, बैंक किट उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क से जुड़े लोगों और एक पोस्टमैन समेत कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद बैंक खातों और दस्तावेजों से देशभर में दर्ज 21 साइबर अपराध शिकायतों का पता चला है, जिनमें कुल ₹76,44,476.97 की साइबर ठगी की गई है। आरोपियों के खिलाफ थाना सिगरा में मु0अ0सं0 0332/2026, धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कूटरचित आधार से खुलवाते थे खाते, साइबर अपराधियों को भेजते थे बैंक किट
गिरोह के सदस्य लोगों को पैसों का लालच देकर उनके आधार कार्ड में दर्ज स्थायी पते को कूटरचित तरीके से सिगरा क्षेत्र का पता दिखाते थे। इसके बाद उसी आधार कार्ड के आधार पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए जाते थे। बैंक से चेकबुक, पासबुक और डेबिट कार्ड की डिलीवरी से पहले पोस्टमैन से संपर्क कर बैंक किट प्राप्त कर ली जाती थी। इसके साथ खाते से जुड़े मोबाइल सिम को भी पैक कर कोरियर के माध्यम से साइबर अपराधियों तक पहुंचाया जाता था।
पुलिस ने बड़ी संख्या में दस्तावेज और मोबाइल बरामद किए
गिरफ़्तार आरोपियों के कब्जे से 4 चेकबुक, 3 सीलबंद चेकबुक, 3 डेबिट कार्ड, 11 पासबुक, 6 मोबाइल फोन, 2 पैन कार्ड और 3 कूटरचित आधार कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस टीम अब गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर अपराधियों से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।










