गाजीपुर । जनपद के उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा से किया। इसका सीधा प्रसारण गाजीपुर के रायफल क्लब सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में देखा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है, इसलिए उसका स्वस्थ रहना आवश्यक है। योजना के तहत उच्च शिक्षा विभाग के पात्र शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में ₹5 लाख तक का कैशलेस उपचार मिलेगा। साथ ही पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग से दुर्घटना बीमा और टर्म लाइफ इंश्योरेंस जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने बताया कि गाजीपुर के पांच महाविद्यालयों के 22 शिक्षकों को योजना का लाभ मिला है। भविष्य में जिले के 380 महाविद्यालयों के शिक्षक इस योजना से लाभान्वित होंगे, जिससे गाजीपुर प्रदेश के प्रमुख लाभार्थी जनपदों में शामिल होगा।
इस अवसर पर विधायक बेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित शिक्षक, प्राचार्य और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









