Search
Close this search box.

एसपी ने की अपराध समीक्षा बैठक, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर दिए निर्देश

बलिया। जनपद के पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं पुलिस कार्यालय के शाखा प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों, आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों तथा वांछित अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी की समीक्षा की गई।

एसपी ने लंबे समय से लंबित विवेचनाओं का शीघ्र गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, रात्रि में चौराहों व तिराहों पर प्रभावी चेकिंग, अपराधियों का भौतिक सत्यापन तथा अवैध शराब और मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई, थानों में लंबित मालों के निस्तारण और “यक्ष ऐप” के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारों, श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 112 पीआरवी कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पीआरवी 6967 के पायलट सीताराम यादव व कमांडर अशोक कुमार को सर्पदंश पीड़ित महिला और बच्चे को समय से अस्पताल पहुंचाने तथा पीआरवी 5445 के कमांडर विनोद मौर्या, सब कमांडर निरंजन कुमार और पायलट राजेन्द्र वर्मा को आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्ति की जान बचाने के लिए पुरस्कृत किया गया।

इससे पूर्व पुलिस लाइन में सैनिक सम्मेलन आयोजित कर कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें