बलिया । जनपद के थाना बांसडीहरोड पुलिस ने सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान गौवध से संबंधित एक आरोपी समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की रात करीब 2:35 बजे बांसडीह रोड तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो लोग चोरी-छिपे एक गौवंश को छाता गांव से बांसडीह रोड की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कयामुद्दीन उर्फ राजू के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बलिया भेजा गया। वहीं उसके साथी दीपक अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने कयामुद्दीन के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किया, जबकि दीपक के पास से चाकू मिला। मौके से एक गौवंश भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 9 एमएम का खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है।
दोनों के खिलाफ बांसडीहरोड थाने में बीएनएस, आयुध अधिनियम और उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।









