वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय गुलाब बाग में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के साथ पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भर भारत, जल संरक्षण, भारतीय संस्कृति और युवा शक्ति की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने ‘कैच द रेन’ अभियान को जनआंदोलन बनाने, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के पुनर्जीवन पर जोर दिया। रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक, आईएनएस महेंद्रगिरि, पिनाका रॉकेट और मिसाइल परीक्षणों तथा ब्रह्मोस-अस्त्र मिसाइलों को लेकर भारत की बढ़ती वैश्विक विश्वसनीयता का उल्लेख किया गया।
पीवी सिंधु की जापान ओपन जीत, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक टेस्ट जीत, विक्रम-1 के सफल प्रक्षेपण और ओलंपियाड में भारतीय छात्रों की उपलब्धियों की सराहना की गई। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, खादी, हस्तशिल्प और पर्यावरण संरक्षण को भी प्रमुखता दी गई।
प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि ‘मन की बात’ देशभर के सकारात्मक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। इस दौरान नवीन कपूर, चंद्रशेखर उपाध्याय, मधुकर चित्रांश, मधुप सिंह, प्रमील पांडेय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।









