लखनऊ। बीते बृहस्पतिवार को राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश का एक प्रतिनिधिमण्डल संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ सत्यम् शिवम् सुन्दरम् के नेतृत्व में माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ महेन्द्र देव से भेंट कर एलटी एवं प्रवक्ता संवर्ग की पदोन्नति समयबद्ध ढंग से किए जाने हेतु ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमण्डल में डॉ सुन्दरम् के अलावा प्रान्तीय महामन्त्री एवं उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ अशोक कुमार अवाक एवं संघनिष्ठ शिक्षक आलोक यादव भी सम्मिलित रहे।
महामन्त्री ने बताया कि शिक्षा निदेशक महोदय को अवगत कराया गया कि एलटी एवं प्रवक्ता संवर्ग में पदोन्नति लम्बे समय से अवरुद्ध है। एलटी महिला संवर्ग से तीन-तीन बार गोपनीय आख्या माॅंगे जाने के बावजूद भी स्थिति यथावत बनी हुई है। जबकि दूसरी ओर डायट प्रवक्ताओं की पदोन्नति मात्र 5 वर्षों के बाद होने जा रही है। ऐसी स्थिति में एलटी एवं प्रवक्ता संवर्ग के बीच हताशा एवं आक्रोश व्याप्त है।
आए दिन इस सम्बन्ध में विभिन्न शिक्षकों और शिक्षिकाओं द्वारा संगठन को संज्ञानित कराया जा रहा है। इसको दृष्टिगत रखते हुए संगठन ने माॅंग की कि एलटी एवं प्रवक्ता संवर्ग की पदोन्नति समयबद्ध ढंग से की जाए। निदेशक महोदय ने ज्ञापन को तत्काल अपर शिक्षा निदेशक (राजकीय) अजय कुमार द्विवेदी को सन्दर्भित करते हुए सकारात्मक कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया।








