वाराणसी । जनपद में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर जिले के सभी बोर्डों के इंटरमीडिएट तक के विद्यालयों को 25 मई तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि हीट वेव और तेज गर्मी से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले खतरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार जिले के सभी परिषदीय विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड, मदरसा तथा संस्कृत बोर्ड से संचालित इंटर तक के सभी स्कूल 19 मई से 25 मई तक बंद रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन कर विद्यालय खोलने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चे तेज धूप और गर्मी में घर से बाहर न निकलें तथा पर्याप्त पानी पीते रहें।






