वाराणसी । पुलिस कमिश्नरेट के वरुणा जोन अंतर्गत थाना सारनाथ पुलिस एवं एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पीली व सफेद धातु के बिस्किट, एक डीएसएलआर कैमरा तथा 67 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चित्रांश खरवार उर्फ चीकू पुत्र बृजेश खरवार, निवासी रसूलगढ़ पंचकोशी, थाना सारनाथ के रूप में हुई है। उसे फरीदपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया।
तीन चोरी के मुकदमों का, कई मामलों में है आरोपी वांछित ।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सारनाथ थाना क्षेत्र में दर्ज तीन चोरी के मुकदमों में वांछित था। वह घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, कैमरा व अन्य कीमती सामान चोरी करता था। उसके कब्जे से करीब 110.5 ग्राम पीली धातु, 643 ग्राम सफेद धातु, एक डीएसएलआर कैमरा और 67 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी, एसआई जितेंद्र पाल सिंह, एसआई अनुज कुमार तथा एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।





