गाजीपुर । मरदह थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध रूप से गोवंशों को भरकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर मरदह पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, इस दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक पशु तस्कर गोली लगने से घायल हो गया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें बड़ी संख्या में गोवंश बेहद क्रूरतापूर्ण और अमानवीय तरीके से ठूंसकर भरे मिले।

पुलिस टीम ने सभी गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकाला और उनके उपचार व देखभाल की व्यवस्था की। कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस अभियान चला रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

अधिकारियों का कहना है कि पशु तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।








