छपरा । शामकौड़िया एवं राजापट्टी क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई। गाड़ी संख्या 55515/55516 पटना–थावे–पटना सवारी गाड़ी का शामकौड़िया और राजापट्टी रेलवे स्टेशनों पर प्रायोगिक ठहराव शुरू किया गया। महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने बनियापुर विधायक केदारनाथ सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दोनों स्टेशनों पर हरी झंडी दिखाकर ठहराव का शुभारंभ किया।

शामकौड़िया स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद ने कहा कि नए ठहराव से विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने लोगों से टिकट लेकर यात्रा करने की अपील करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ शामकौड़िया से राजापट्टी तक टिकट लेकर यात्रा की।

अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि भारतीय रेल यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और जनभावनाओं के अनुरूप सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। सांसद और रेलवे अधिकारियों ने सवारी गाड़ी से राजापट्टी तक यात्रा की, जहां विधायक केदारनाथ सिंह ने उनका स्वागत किया।

राजापट्टी स्टेशन पर आयोजित समारोह में भी ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। सांसद ने रेलमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेल संपर्क का विस्तार शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, रेलवे अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।








