बलिया। जनपद के पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गड़वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त सौरभ उपाध्याय को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे गड़वार पुलिस रात्रि गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रतसड़ मार्ग से नूरपुर जाने वाले रास्ते पर पुलिया के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध अभियुक्त को घेरने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि घिरता देख अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्त को तत्काल सीएचसी रतसड़ भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अभियुक्त ने पुराने मुकदमे के गवाह विनोद उपाध्याय की हत्या की साजिश में शामिल होने की बात बताई।
मामले में उसके पिता देवेंद्र उपाध्याय समेत गोविंद चौहान, अरुण राजभर, सोनू चौहान और सूरज चौहान के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







