गाजीपुर । थाना दुल्लापुर क्षेत्र के ग्राम सराय धनेश निवासी अनूप चौहान ने गांव की सरकारी नाली को कथित रूप से काटकर समाप्त किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि करीब 15 कड़ी लंबी सरकारी नाली नष्ट होने से गांव में जल निकासी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे ग्रामीणों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अनूप चौहान के अनुसार, इस मामले को लेकर पिछले लगभग 10 वर्षों से विवाद चला आ रहा है। उन्होंने बताया कि विवाद के दौरान पहले गोली चलने की घटना भी हुई थी, जिसमें मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बावजूद आज तक सरकारी नाली का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया और समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने कई बार तहसील और थाना स्तर पर शिकायतें कीं, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई प्रभावी नहीं रही। उनका कहना है कि सरकारी भूमि पर बनी नाली को अवैध रूप से क्षतिग्रस्त किए जाने से बरसात के दिनों में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो जाती है।
अनूप चौहान ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सरकारी नाली का पुनर्निर्माण कराया जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाएं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को जल निकासी की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।






