वाराणसी । के रविन्द्रपुरी कॉलोनी स्थित विश्व प्रसिद्ध अघोर तीर्थस्थल बाबा कीनाराम स्थल (क्री-कुण्ड परिसर) में 1 मई को पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के अवतरण दिवस के अवसर पर 55 जरूरतमंद नवयुवक-युवतियों का सामूहिक विवाह आयोजित किया जाएगा। यह भव्य आयोजन “अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान” के सौजन्य से किया जा रहा है, जो समाजसेवा के क्षेत्र में चिकित्सा, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से लगातार योगदान दे रहा है।

संस्था के प्रमुख व्यवस्थापक अरुण सिंह और महिला मंडल की संयोजिका रूबी सिंह ने बताया कि सभी विवाह पारंपरिक विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होंगे। कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक हल्दी की रस्म अदा की जाएगी, जबकि रात्रि 8 बजे से मध्य रात्रि तक विवाह समारोह चलेगा।
इस दौरान नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए अघोर पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम स्वयं उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण भी किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।







