मऊ । जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। स्कॉर्पियो और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार परिवार झारखंड के रांची से अपनी बेटी का विवाह संपन्न कराकर गोरखपुर लौट रहा था। इसी दौरान वाहन के रोंग लेन में घुसने से यह भीषण हादसा हो गया।
हादसे में मृतकों की पहचान विनय श्रीवास्तव (53 वर्ष), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48 वर्ष) और पुत्र कृतार्थ श्रीवास्तव (27 वर्ष) के रूप में हुई है। इसके अलावा रविन्द्र यादव (20 वर्ष) और पुरुषोत्तम कुमार (28 वर्ष) की भी जान चली गई।
इस दुर्घटना में परिवार का एक पालतू कुत्ता भी मारा गया।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।








