वाराणसी । 17 अप्रैल 2026। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा मंडल क्रीड़ा अधिकारी बलेन्द्र पाल के नेतृत्व में वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल पर आयोजित अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत शुक्रवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और विद्युत लोको शेड की टीमें आमने-सामने रहीं। आरपीएफ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 207 रन बनाए। टीम की ओर से शेषनाथ ने 48, संतोष ने 36 और राजेश ने 30 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। जवाब में विद्युत लोको शेड की पूरी टीम 19.1 ओवर में 143 रन पर सिमट गई। इस तरह आरपीएफ ने 64 रनों से शानदार जीत दर्ज की। आरपीएफ के शाहनवाज ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा मुकाबला वाणिज्य और इंजीनियरिंग विभाग के बीच खेला गया। वाणिज्य विभाग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 164 रन बनाए, जिसमें कफिल ने 36, अमित राज ने 32 और दुर्गेश ने 26 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंजीनियरिंग विभाग ने जबरदस्त बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और मात्र 12.4 ओवर में 2 विकेट खोकर 165 रन बनाकर 8 विकेट से जीत दर्ज की। टीम की ओर से विजय ने 66, ऋषभ ने 47 और अजीत तिवारी ने 46 रन बनाए। अजीत तिवारी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना ने सभी का मन मोह लिया।








