राजातालाब । क्षेत्र के आराजी लाइन विकासखंड अंतर्गत पयागपुर मातल देई स्थित श्री प्रकाश इंटरमीडिएट कॉलेज एवं एसपी जीनियस पब्लिक स्कूल में वर्ष 2026 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की प्रबंधक श्रीमती विमला प्रसाद की देखरेख में संपन्न हुआ।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त उप निदेशक एवं स्नातक एमएलसी प्रत्याशी चंद्रजीत सिंह यादव उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के उप सचिव आशीष राय, पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक फूलचंद यादव एवं नंदलाल सिंह पटेल शामिल हुए। अतिथियों ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम के मेधावी छात्र-छात्राओं को माला पहनाकर, मेडल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मेधावी छात्रों के अभिभावकों को भी अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया। सभी अतिथियों ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत कॉलेज के सचिव इंजीनियर प्रकाश सिंह द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर किया गया। कार्यक्रम का संचालन सूबेदार पटेल ने किया।
इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिससे पूरा परिसर उत्साह और गौरव के माहौल से सराबोर रहा।







