सहारनपुर । उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की चतुर्थ महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 28 जून 2026 को होटल अमर वाटिका, सहारनपुर में आयोजित की जाएगी। बैठक का शुभारंभ दोपहर 12:30 बजे किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी सरदार गुरप्रीत सिंह बग्गा द्वारा की जा रही है, जबकि श्री गुरु सिंह सभा के सहयोग से कार्यक्रम संपन्न होगा।
बैठक में सहारनपुर मंडल सहित प्रदेश के लगभग 25 जिलों के गुरुद्वारा प्रतिनिधि, संत-महात्मा, विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षिक संस्थाओं के पदाधिकारी तथा दिल्ली और पंजाब से भी बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। संगठन के अध्यक्ष सरदार हरविन्दर सिंह लार्ड ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के गुरुद्वारों को एक सशक्त संगठनात्मक ढांचे से जोड़ना, प्रबंधन में पारदर्शिता लाना और समाजहित के कार्यों को गति देना है।
बैठक में शिक्षा, युवाओं के रोजगार, महिला सशक्तिकरण, चिकित्सा सहायता, लंगर सेवा, पर्यावरण संरक्षण और आपदा राहत जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रदेशव्यापी विस्तार, जिला एवं मंडल स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।
मंजीत सिंह तलवार और निर्मल सिंह ने बताया कि युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर, आईएएस–पीसीएस मार्गदर्शन तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष निर्णय लिए जाएंगे। वहीं धर्म परिवर्तन जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भी विचार-विमर्श कर जन-जागरूकता अभियान चलाने की योजना बनाई जाएगी।
कोषाध्यक्ष हरविन्दर सिंह विक्की ने समाज का विस्तृत डाटा संकलन कर डायरेक्टरी तैयार करने की जानकारी दी, जबकि मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह ने प्रदेशभर से प्रतिनिधियों की भागीदारी की पुष्टि की है।







