बलिया । जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सीएम डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों के कार्यों का मूल्यांकन किया। बैठक में कई विभागों और निर्माण परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि विभागों की रैंकिंग में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने कहा कि सड़क निर्माण और सत्यापन कार्यों में वित्तीय प्रगति शत-प्रतिशत होने के बावजूद भौतिक प्रगति अपेक्षाकृत कम है, जिसे तत्काल सुधारते हुए विभागों की रैंकिंग ‘बी’ से ‘ए’ ग्रेड में लाई जाए। पोषण अभियान की ‘सी’ ग्रेड रैंकिंग पर भी उन्होंने असंतोष व्यक्त किया। उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड को ट्रांजिट हॉस्टल तथा पुलिस आवास निगम को पुलिस लाइन की सीसी रोड निर्माण परियोजनाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

पर्यटन विकास कार्यों की समीक्षा में खाकी बाबा मंदिर का विकास कार्य अगस्त तक पूरा करने और बसंतपुर स्थित उदासीन मठ के निर्माण में तेजी लाने को कहा गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बेलहरी में 4.6 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अकादमिक ब्लॉक व छात्रावास की धीमी प्रगति पर जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए गए।

इब्राहिमाबाद आईटीआई के निर्माण कार्य में देरी पर संबंधित संस्था से स्पष्टीकरण तलब करने को कहा गया। साथ ही बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं और मेडिकल बाईपास निर्माण को भी गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








