बलिया । जनपद के थाना नरही अंतर्गत कोरण्टाडीह चौकी पर शुक्रवार को नवनिर्मित आरक्षी बैरक का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बैरक निर्माण से चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों को रहने की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी तथा ड्यूटी के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की बेहतर व्यवस्था से कानून-व्यवस्था एवं यातायात संचालन और अधिक प्रभावी होगा।

उद्घाटन के बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना नरही क्षेत्र के भरौली पुल के पास बने पुलिस बूथ का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति तथा कार्यप्रणाली की जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को आमजन की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर राकेश कुमार सिंह, पीआरओ उ0नि0 कौशल कुमार पाठक, थानाध्यक्ष नरही वीरेन्द्र कुमार सिंह, चौकी प्रभारी कोरण्टाडीह अश्वनी मिश्रा सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।








