झांसी । में पुलिस ने IPL सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो युवतियों—यशस्वी द्विवेदी और निशा खान—को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 9 सोने के बिस्किट, करीब 939 ग्राम सोना, 4 किलो चांदी के बिस्किट और लगभग 19 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि यशस्वी द्विवेदी का संबंध यूपी पुलिस के सिपाही रजत से था और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
पुलिस का दावा है कि सिपाही रजत भी IPL सट्टा नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। यही सिपाही कुछ दिन पहले बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के पूर्व रजिस्ट्रार को थार गाड़ी से कुचलने के मामले में भी चर्चा में आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP ने आरोपी सिपाही रजत को बर्खास्त कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक इस पूरे IPL सट्टा गैंग का मास्टरमाइंड भाजपा नेता आशीष उपाध्याय है, जो पहले भी जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।








