सोनभद्र दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के खजूरी में एक सुनसान मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात, नगदी और सीसीटीवी डीवीआर पर हाथ साफ कर दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब मकान स्वामी अमित कुमार वाराणसी से लौटकर घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कमरे का ताला टूटा हुआ है और अलमारी क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी है।
पीड़ित अमित कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी के ऑपरेशन के लिए 21 मई को पूरे परिवार के साथ वाराणसी गए थे। सोमवार को लौटने पर घर में चोरी की जानकारी हुई। चोरों ने अलमारी में रखे सोने के कीमती आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया। आशंका है कि बदमाश मकान के सामने स्थित खुली बालकनी के रास्ते घर में दाखिल हुए।
चोरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उठा लिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने घर के भीतर से दुकान की चाबी खोजी, शटर खोलकर डीवीआर और कुछ नगदी चुराई तथा फिर शटर बंद कर दिया, जिससे किसी को शक न हो।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश तेज कर दी है।







