बलिया । उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया अनिल कुमार झा के आदेशानुसार एडीआर भवन, दीवानी न्यायालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषयक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष राम बिलास प्रसाद तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने किया।

शिविर में उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग भविष्य की पीढ़ियों के लिए आवश्यक है। उन्होंने लोगों से खुले में कचरा न फेंकने, स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा कचरे के पृथक्करण और उचित निस्तारण पर ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम में ‘तीन आर’—रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल—के सिद्धांतों पर विशेष जोर दिया गया। लोगों को कचरा कम करने, वस्तुओं का पुनः उपयोग करने और पुनर्चक्रण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में विधि के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।







