वाराणसी । जनपद के रामनगर जोन में सफाई और अतिक्रमण की बदहाल व्यवस्था पर नगर निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को औचक निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को जगह-जगह कूड़े के ढेर, क्षतिग्रस्त नालियां और नालों पर पक्का अतिक्रमण मिला। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने रामनगर जोनल अधिकारी से जवाब-तलब करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। वहीं, क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अवर अभियंता (सिविल) को प्रतिकूल प्रविष्टि देने और सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर सफाई सुपरवाइजर का 10 दिनों का वेतन काटने का आदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कई दुकानदारों और गृहस्वामियों ने नालियों व नालों के ऊपर पक्के स्लैब डालकर अतिक्रमण कर लिया है। इससे नालों की सफाई और जल निकासी प्रभावित हो रही है। नगर आयुक्त ने अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने और क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

सड़कों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ चालान और जुर्माने की कार्रवाई न किए जाने पर भी संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई और जल निकासी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










