वाराणसी । जनपद में नगर निगम की महत्वाकांक्षी ‘बांड परियोजना’ के तहत लहुराबीर में बन रहे बहुप्रतीक्षित वाणिज्यिक मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तय समय-सीमा की विस्तार से समीक्षा की।

नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही निर्माण कार्य में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि परियोजना का लाभ जल्द से जल्द आमजन को मिल सके।

लहुराबीर में बन रहा यह आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देगा और स्थानीय कारोबारियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।










