Search
Close this search box.

बेदुआ में शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर 25वें दिन भी जारी रहा धरना, 2 जून से भूख हड़ताल की चेतावनी

बलिया । नगर पालिका परिषद क्षेत्र के बेदुआ में शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों का धरना प्रदर्शन लगातार 25वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शराब की दुकान आबादी के बीच संचालित होने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और महिलाओं व बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

धरने में शामिल लोगों ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि आज उन्होंने जिलाधिकारी बलिया को एक ज्ञापन सौंपकर शराब की दुकान को तत्काल हटाने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि दुकान को जल्द ही किसी उचित स्थान पर व्यवस्थित कर हटवाने की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि धरना दे रहे लोग प्रशासन के इस आश्वासन से पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन जल्द निर्णय नहीं लेता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने ऐलान किया कि 2 जून से वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। धरना स्थल पर लगातार नारेबाजी होती रही और लोगों ने शराब की दुकान हटाने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें