Search
Close this search box.

वाराणसी: करसड़ा सॉलिड वेस्ट प्लांट का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

वाराणसी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को करसड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, कूड़ा निस्तारण व्यवस्था, आरडीएफ (Refuse Derived Fuel) प्रबंधन और लिगेसी वेस्ट निस्तारण की तैयारियों का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्लांट पर प्रतिदिन आने वाले कूड़े का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्थिति में बैकलॉग न बनने पाए। उन्होंने आरडीएफ के प्रभावी निस्तारण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से काम करने पर जोर दिया।

लिगेसी वेस्ट निस्तारण को लेकर भी नगर आयुक्त ने संबंधित संस्था को निर्देशित किया कि वह जल्द से जल्द चरणबद्ध योजना तैयार कर प्रस्तुत करे और निर्धारित समयसीमा में कार्य शुरू करे, ताकि स्थल को व्यवस्थित और उपयोगी बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान एक महत्वपूर्ण समस्या पर भी ध्यान दिया गया। नगर आयुक्त ने बताया कि हर साल बाढ़ के समय करसड़ा प्लांट तक जाने वाले मार्ग पर जलभराव हो जाता है, जिससे संचालन प्रभावित होता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्लांट तक जाने वाली सड़क को लगभग 6 फीट ऊंचा कर प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कराया जाए।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में करसड़ा प्लांट की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सतत निगरानी रखते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

और पढ़ें