वाराणसी। नगर निगम प्रशासन सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को अधिक सुव्यवस्थित और जनोपयोगी बनाने की दिशा में सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को स्टेडियम परिसर में महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य स्टेडियम के बेहतर संचालन और उसकी सुविधाओं को शहर के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार करना रहा। इस दौरान खेल जगत के विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शहर के करीब 40 गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया और अपने सुझाव साझा किए।
महापौर और नगर आयुक्त ने स्टेडियम के भविष्य को लेकर अपनी योजनाएं प्रस्तुत कीं और उपस्थित लोगों से सुझाव आमंत्रित किए। चर्चा के दौरान इस बात पर सहमति बनी कि स्टेडियम का संचालन इस तरह किया जाए कि सभी वर्गों के लोग इसका लाभ उठा सकें। खेल सुविधाओं के बेहतर रखरखाव और उनकी पहुंच बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में एक अहम निर्णय लेते हुए डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के संचालन और दैनिक कार्यों की निगरानी के लिए एक “विशेष समिति” के गठन का फैसला लिया गया। इस समिति में स्थानीय प्रबुद्धजनों और प्रशासन के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि इस समिति के माध्यम से खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा और स्टेडियम का संचालन अधिक पेशेवर और समावेशी बनाया जाएगा। वहीं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि यह स्टेडियम शहर की महत्वपूर्ण धरोहर है और इसके सुचारू संचालन में नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है।








