Search
Close this search box.

विराट रुद्र महायज्ञ में राष्ट्रीय बाल कलाकारों ने बिखेरा भक्ति का रंग, रासलीला और भजन संध्या ने मोहा मन

सोनभद्र । कसारी रामगढ़ स्थित भिखारी बाबा आश्रम परिसर में आयोजित विराट रुद्र महायज्ञ के पांचवें दिन मंगलवार को भक्ति, संगीत और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। राष्ट्रीय बाल कलाकारों ने भजन संध्या में अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया, जबकि वृंदावन से आए कलाकारों की रासलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।

कार्यक्रम में वाराणसी से आए राष्ट्रीय बाल कलाकार श्री राम कृष्ण, श्री राधा कृष्ण और श्री राधे कृष्ण ने अपने माता-पिता के साथ यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर भिखारी बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा शिव मंदिर में रुद्राभिषेक पूजन भी किया। बाल कलाकारों ने भजन, गीत और लवकुश लीला की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री राम कृष्ण ने हारमोनियम पर भजन एवं गजल प्रस्तुत कर विशेष सराहना प्राप्त की।

वृंदावन से आई बाल कथा वाचिका धानी शास्त्री ने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया। वहीं वृंदावन के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रासलीला देर रात तक चलती रही, जिसका श्रद्धालुओं ने भरपूर आनंद उठाया।

आयोजक भिक्षुक भिखारी जंगली दास दीनबंधु रमाशंकर गिरी महाराज ने बताया कि आचार्य गोपालधर द्विवेदी, राजेश कुमार पाठक, हरिओम द्विवेदी एवं अमरेश तिवारी के निर्देशन में महायज्ञ संपन्न कराया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति रक्षा के उद्देश्य से 251 जड़ी-बूटियों से निर्मित विशेष हवन सामग्री से प्रतिदिन आहुतियां दी जा रही हैं।

महायज्ञ में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर जयकारे लगाए, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। प्रतिदिन संचालित विशाल भंडारे में भी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, संत-महात्मा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें