Search
Close this search box.

हाथी दांत तस्करी का भंडाफोड़: मीरजापुर में तीन तस्कर गिरफ्तार, लाखों रुपये के वन्यजीव अवयव बरामद

मीरजापुर । 09 जून 2026 वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) गोरखपुर तथा एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मीरजापुर के लालगंज क्षेत्र में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गोपनीय सूचना के आधार पर थाना जिगना क्षेत्र स्थित बाबा कलेश्वर मंदिर के पास मंगलवार दोपहर की गई।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से लगभग 1.49 किलोग्राम वजन के दो हाथी दांत, लगभग 800 ग्राम वजन का हाथी का जबड़ा, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा पहचान के लिए प्रयुक्त 10 रुपये का नोट बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रयागराज निवासी अविलेश कुमार शुक्ला, राममनी यादव और देवेश्वर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में इनके संरक्षित वन्यजीवों के अंगों की अवैध खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। वन विभाग, WCCB और एसटीएफ की संयुक्त टीम तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि वन्यजीव अपराधों के प्रति विभाग की शून्य सहिष्णुता की नीति है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी वन्यजीव अपराधों की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की।

बसंत कुमार गुप्ता रिपोर्टिंग।

Leave a Comment

और पढ़ें