दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के मुरता-लिलासी मार्ग पर मंगलवार को 25 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान महुअरिया निवासी समर सिंह (25) पुत्र मोहन सिंह के रूप में हुई है। उसका शव मुरता गांव के पास नदी पुलिया से कुछ दूरी पर पड़ा मिला। घटनास्थल के आसपास खून से सने बड़े पत्थर भी बरामद हुए हैं। आशंका है कि हमलावरों ने पत्थरों से वार कर युवक की हत्या की। परिजनों का दावा है कि मृतक के चेहरे पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान भी मौजूद थे।

सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के बड़े भाई धर्म सिंह ने बताया कि समर सिंह चार भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी शादी करीब दो माह पहले रासपहरी गांव में हुई थी। मंगलवार सुबह वह बाइक से लिलासी की ओर गया था, लेकिन शाम करीब चार बजे उसका शव मिलने की सूचना मिली।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।









