वाराणसी: धर्म नगरी वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र स्थित बेनियाबाग की हरिजन बस्ती में शुक्रवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राजन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मिर्जापुर का निवासी था। बताया जा रहा है कि राजन अपने बेटे की 20 जून को होने वाली सगाई में शामिल होने के लिए वाराणसी आया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, राजन रात में चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के समय उसका बेटा भी उसके बगल में सो रहा था, लेकिन उसे घटना की भनक तक नहीं लगी।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी काशी जोन गौरव वंशवाल और चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जता रही है। फिलहाल अज्ञात हमलावरों की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।








