गाजीपुर । दुल्लहपुर क्षेत्र के नायकडीह हाल्ट बाजार में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। बाजार के समीप स्थित लगभग 150 मीटर सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-124D के निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों और ट्रकों के लगातार आवागमन के कारण सड़क जगह-जगह धंस गई है और गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।
क्षेत्रीय जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. रामबृक्ष सिंह यादव ने सड़क की स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह से वार्ता कर नायकडीह हाल्ट बाजार की सड़क का शीघ्र नवनिर्माण एवं मरम्मत कराने की मांग की। डॉ. यादव ने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
इस पर पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह ने सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि जल्द धरातल पर कार्य दिखाई देना चाहिए।

डॉ. रामबृक्ष सिंह यादव ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता आंदोलन करने को मजबूर होगी। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।









