Search
Close this search box.

बेदुआ में शराबबंदी आदेश की उड़ रही धज्जियां, जिलाधिकारी के निर्देशों के बावजूद लगा रहा शराबियों का जमावड़ा

बलिया । नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेदुआ में शराबबंदी को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद 13 जून 2026 की रात शराब और बीयर पीने वालों का जमावड़ा लगा रहा। प्रशासन द्वारा निगरानी के लिए दो पुलिस कांस्टेबल तैनात किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन मौके पर उनकी मौजूदगी दिखाई नहीं दी।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिलाधिकारी ने पूर्व में स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि शराब की दुकान के आसपास कोई व्यक्ति शराब पीते हुए पाया गया तो संबंधित दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। इसके बावजूद नियमों का खुलेआम उल्लंघन होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।

ग्रामीणों और आसपास के निवासियों ने मीडिया के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि शराब पीने वालों के जमावड़े से क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है तथा महिलाओं और बच्चों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए शराबबंदी संबंधी आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की अपील की है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें