मीरजापुर । संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में संचालित संत कबीर अकादमी, मगहर द्वारा आयोजित 10 दिवसीय लोकगीत एवं सांस्कृतिक कार्यशाला का समापन मंगलवार, 9 जून 2026 को जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, परसिया (मीरजापुर) में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री सम्मानित लोकगायिका उर्मिला श्रीवास्तव उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. गणेश प्रसाद अवस्थी, काशी प्रांत अध्यक्ष संस्कार भारती तथा वेदमूर्ति आचार्य अगस्त्य द्विवेदी, प्रधानाचार्य मां विंध्यवासिनी वेद पाठशाला, विंध्याचल मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र-छात्राओं द्वारा मां सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं कजली सहित विभिन्न पारंपरिक लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में भारतीय लोकगीतों एवं पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कजली गीत की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार दूबे ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यशाला की प्रशिक्षिका डॉ. जाह्नवी पाण्डेय रहीं, जबकि कार्यक्रम का संचालन संस्कार भारती के जिला महामंत्री शिवराम शर्मा ने किया।

कार्यशाला में लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर डॉ. भुवनेश्वर द्विवेदी, मंजुला कुशवाहा (एआरपी), लोकगीत गायक जटाशंकर, अमरेंद्र कुमार दूबे एडवोकेट, महेश, अशोक, पप्पू विश्वकर्मा, ब्रह्मदीन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बसंत कुमार गुप्ता रिपोर्टिंग।








