गाजीपुर । अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा उत्तर प्रदेश के निर्देश पर बिरनो टोल प्लाजा पर शुक्रवार को विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईराज राजा के पर्यवेक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, प्रभारी यातायात तथा थानाध्यक्ष बिरनो के नेतृत्व में कुल आठ टीमों का गठन कर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान ड्रंकन ड्राइविंग, प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर, एचएसआरपी नंबर प्लेट तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष निगरानी रखी गई। चेकिंग के दौरान कुल 143 वाहनों का चालान किया गया। इनमें एक वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा 34 वाहनों पर अवैध प्रेशर हॉर्न पाए जाने पर चालान किया गया, जबकि सात वाहनों के विरुद्ध एचएसआरपी नंबर प्लेट संबंधी नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। अभियान के तहत विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन में कुल 4 लाख 52 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा सड़क सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
उमेश यादव गाजीपुर।








