लखनऊ । के निगोहाँ थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे शातिर आरोपी उपदेश लोधी उर्फ गहना को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए पीजीआई ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को तेलीबाग से घर लौट रही एक महिला को ई-रिक्शा चालक और उसके साथी ने गौतमखेड़ा के पास सुनसान इलाके में ले जाकर दुष्कर्म किया था। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर डीसीपी दक्षिणी ने तीन विशेष टीमों का गठन किया था।
जांच के दौरान पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जंगल मंगल तिराहा के पास आरोपी की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया है। 26 वर्षीय उपदेश लोधी पर पहले से हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।









