वाराणसी। रेलवे प्रशासन ने रेल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रैक के किनारे होने वाली आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए व्यापक कदम उठाए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी के जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है।
रेलवे द्वारा बड़े पैमाने पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के विस्फोटक अथवा ज्वलनशील पदार्थ अपने साथ लेकर ट्रेन में सफर न करें।
साथ ही रेल लाइन के किनारे रहने वाले किसानों एवं अन्य लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे सूखी घास, सूखे पत्ते अथवा पराली को ट्रैक के आसपास न जलाएं। रेलवे प्रशासन का कहना है कि ऐसी घटनाओं से रेल ट्रैक पर आग लग सकती है, जिससे रेल संचालन बाधित होने के साथ यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
रेल प्रशासन ने आम जनमानस से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि रेल परिचालन सुचारु बना रहे और यात्रियों की जान-माल सुरक्षित रहे।







