वाराणसी । के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित शुकुलपुरा इलाके में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक कमरे में गैस सिलिंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। विस्फोट के कारण कमरे की टिन की छत उड़ गई और सिलिंडर लगभग 100 मीटर दूर जा गिरा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक रामनरेश सोनकर के हाते में करीब 70 से अधिक परिवार किराए पर रहते हैं। दूसरे तल पर रहने वाले कल्लू के कमरे में यह हादसा हुआ, जहां उस समय उनका बेटा सूरज मौजूद था। सिलिंडर में आग लगते ही वह घबराकर बाहर भाग गया। आग बुझाने पहुंचे सतवंत ने जैसे ही प्रयास किया, तभी जोरदार विस्फोट हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका दहशत में है।






