वाराणसी । सेवापुरी पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय बालिका स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेवापुरी में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में खेलों के महत्व तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रविप्रकाश गुप्त ने छात्राओं को नियमित रूप से खेलकूद में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली के लिए भी आवश्यक हैं।
क्रीड़ा प्रभारी डॉ. सौरभ सिंह ने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को खेलों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत आकर्षक पिरामिड बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संचालन सुश्री प्रीति पाल एवं अर्पिता ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सुश्री सुहानी सिंह ने किया। कार्यक्रम में प्रो. राम कृष्ण गौतम, प्रो. सत्यनारायण वर्मा, डॉ. स्वर्णिम घोष, डॉ. संजय भारती सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।



