लखनऊ । नगर निगम के जोन-7 स्थित मीना मार्केट के पास जोनल अधिकारी कार्यालय की बदहाल स्थिति ने स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस विभाग पर शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त रखने की जिम्मेदारी है, उसी के कार्यालय परिसर में गंदगी, अव्यवस्था और लापरवाही साफ दिखाई दे रही है।
परिसर में कूड़ेदान पूरी तरह भरे हुए हैं और कूड़ा बाहर तक फैला पड़ा है। कर्मचारियों के लिए बने शौचालय जर्जर हालत में हैं, दरवाजे टूट चुके हैं, जिससे बदबू और अस्वच्छता का माहौल बना हुआ है। विडंबना यह है कि टूटे दरवाजे पर अब भी “बाहर निकलते समय गेट बंद करें” का पोस्टर लगा है।
वहीं जलकल व्यवस्था भी बदहाल है और पाइप से लगातार पानी बहने के कारण जल की बर्बादी हो रही है। कार्यालय परिसर में लगा हैंडपंप भी खराब हालत में है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब अधिकारियों के कार्यालय की ही यह स्थिति है, तो पूरे जोन-7 की स्वच्छता व्यवस्था कैसी होगी।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी जमीनी हकीकत से अनजान बने हुए हैं। अब देखना होगा कि इस स्थिति पर नगर निगम प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई करता है या स्वच्छता के दावे केवल कागजों तक ही सीमित रहेंगे।
ब्यूरो लखनऊ अजय सिंह।






