बलिया। पुलिस लाइन बलिया के परेड ग्राउंड में 20 अगस्त 2026 को 30वीं अंतर जनपदीय वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर (पुरुष/महिला) एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह रहे।
समापन अवसर पर वाराणसी जोन के विभिन्न जनपदों से आए पुरुष एवं महिला पुलिस खिलाड़ियों ने मुख्य अतिथि को सलामी देते हुए शानदार मार्च पास्ट किया। खिलाड़ियों के अनुशासन और जोश ने समारोह की भव्यता बढ़ा दी। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि सुनील कुमार सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह में पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक राम बेलास सहित विभिन्न जनपदों से आए पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, सम्मानित नागरिक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता का समापन खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द के प्रेरणादायक वातावरण में हुआ।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।









