Search
Close this search box.

गौमाता की सुरक्षा पर योगी के बयान से गरमाई सियासत, युग तुलसी पार्टी ने यूपी चुनाव को बताया ‘धर्मयुद्ध’

हैदराबाद । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग संबंधी बयान पर युग तुलसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. शिव कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि गौभक्त सम्मान नहीं, बल्कि गौवंश की सुरक्षा के लिए ठोस कानूनी संरक्षण चाहते हैं। शिव कुमार ने आरोप लगाया कि केवल भावनात्मक भाषणों से गौमाता की रक्षा संभव नहीं है और केंद्र सरकार को गौवंश वध पर देशव्यापी प्रतिबंध लगाने के लिए केंद्रीय कानून लाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देशभर में गौहत्या की घटनाएं चिंता का विषय हैं और गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए बिना उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती। शिव कुमार ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) बोर्ड, विभिन्न धर्माचार्यों और न्यायालयों द्वारा समय-समय पर दिए गए सुझावों का हवाला देते हुए सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।

युग तुलसी पार्टी अध्यक्ष ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को “गौमाता के अधिकारों और सुरक्षा” का चुनाव बताते हुए कहा कि यह केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि वैचारिक संघर्ष का अवसर है। उन्होंने घोषणा की कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी। साथ ही उन्होंने देशभर के गौभक्तों और सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों से पार्टी को समर्थन देने की अपील की।

Leave a Comment

और पढ़ें