गाजीपुर । जनपद के जखनिया ब्लॉक सभागार में शनिवार को नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सीडीपीओ बिन्नी यादव ने किया। प्रशिक्षण में करीब 102 नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने भाग लेकर विभागीय दायित्वों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

सीडीपीओ बिन्नी यादव ने कहा कि सभी सहायिकाएं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित साफ-सफाई, बच्चों की नियमित उपस्थिति तथा शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य के प्रति बच्चों एवं अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आधारशिला पुस्तक के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा देना आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सहायिकाओं को गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति की जानकारी भी दी गई।
सीडीपीओ ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने, विशेषकर पहली बार गर्भवती महिलाओं को योजना से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने नियमित सर्वेक्षण कर नए लाभार्थियों की सूची तैयार करने और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण में मुख्य सेविका तारा सिंह, एकता सिंह, पूजा राय, पूजा कश्यप और देवी यादव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहीं।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।










