बलिया । जनपद में शनिवार को विकास भवन सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र दयालु की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले की सड़कों, पुलों, नहरों, विद्युत व्यवस्था, नगर विकास और बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में वैना से बाईपास कॉरिडोर निर्माण को लेकर अधिकारियों ने जानकारी दी कि जून माह से किसानों का पंजीकरण शुरू किया जाएगा। वहीं नगरा-बरौली मार्ग और एनएच-31 देवरिया से हल्दी तक सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने माल्देपुर बाईपास को महावीर घाट तक जोड़ने के लिए एस्टीमेट तैयार करने को कहा।

मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सिंचाई विभाग को सुखपुरा नहर से बसंतपुर तक सड़क चौड़ीकरण और क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। चिलकहर ब्लॉक के ग्राम सवरा में निर्माणाधीन पुल को चौड़ा करने तथा सिकंदरपुर-मनियर-लालगंज मार्ग को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया। बिहार से चांदपुर मार्ग पर अधूरे पुल निर्माण को भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ खंड की नौ परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए बांध निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा। नहरों की सफाई में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए सभी नहरों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका को बरसात से पहले नालों की सफाई, पार्कों और स्मारकों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं शहर में सीसीटीवी कैमरे न लगाए जाने पर परिवहन मंत्री ने नाराजगी जताई और बताया कि इसके लिए पांच करोड़ रुपये पहले ही उपलब्ध कराए जा चुके हैं। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश भी दिए गए।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








