बलिया। 29 जुलाई 2026 पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ एवं न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के तामील के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सहतवार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित वारंटियों को गिरफ्तार किया।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्रा व थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में त्रिकालपुर निवासी श्रवण कुमार, कुम्हला कस्बा निवासी रामेश्वर तुरहा तथा बिनहा निवासी सुनील कुमार शामिल हैं।
तीनों के विरुद्ध विभिन्न मामलों में माननीय न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।
इस अभियान में थाना सहतवार के उपनिरीक्षक साहब यादव, सुनील कुमार सिंह, दिलीप कुमार राय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।









