वाराणसी । 26 अप्रैल 2026। भारतीय रेल द्वारा अमृत भारत एक्सप्रेस के माध्यम से यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित, आरामदायक और किफायती यात्रा सुविधा प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में ट्रेनों की विशेषताओं को जन-जन तक पहुंचाने और “विकसित भारत” व “आत्मनिर्भर भारत” के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बनारस स्टेशन के आसपास के विभिन्न विद्यालयों में निबंध, क्विज और चित्रकारी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

वाराणसी मंडल के कार्मिक विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्राथमिक एवं जूनियर हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूर्वोत्तर रेलवे जूनियर हाई स्कूल, छित्तुपुर में 26 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिसमें अंजली प्रथम, विकास कुमार द्वितीय और अंकित कुमार तृतीय स्थान पर रहे।

वहीं माधव जूनियर हाईस्कूल, फुलवरिया में 27 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जहां निर्मला सरोज प्रथम, अंश सिंह द्वितीय और आदित्य कुमार तृतीय स्थान पर रहे।लिटिल मांटेसरी स्कूल, लहरतारा में निबंध और चित्रकारी दोनों प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें सिमरन, आँचल कुमारी और अनन्य जैसवाल ने निबंध में तथा आर्या पाल, अल्का कुमारी और आंचल कुमारी ने चित्रकारी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। संत साईं शिक्षण संस्थान इंटर कॉलेज, शिवनगर के विद्यार्थियों के परिणाम सोमवार को घोषित किए जाएंगे।

कुल 196 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा, ज्ञान और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह एवं विद्यालयों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।







